दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का कहर, AQI 491 तक पहुँचा; उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट

Published On -

दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह 7 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 491 दर्ज किया गया, जिसे ‘सीवियर प्लस’ श्रेणी में रखा जाता है। कोहरे के कारण पूरे शहर में विसिब्लिटी काफी कम हो गई है।

शहर के सभी 40 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण ‘सीवियर’ स्तर पर रहा। रोहिणी में AQI 499 दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी और विवेक विहार में यह 495 रहा। वर्तमान हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सर्दियों में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सबसे सख्त कदम माने जाने वाले ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-IV को लागू कर दिया है।

उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में ठंड कुछ कम जरूर हुई है। राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है।

उधर मध्य प्रदेश में भी अगले तीन दिनों तक शीतलहर का कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि तापमान लगातार गिर रहा है। शहडोल जिले का कल्याणपुर शहर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां बीती रात न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा बिहार में शनिवार को 10 से अधिक शहरों में घना कोहरा छाया रहा। आरा–मोहनिया फोरलेन पर चार वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जबकि पटना के मोकामा फोरलेन पर दो ट्रकों और एक हायस वाहन की भिड़ंत हुई। हादसों में ड्राइवर और उनके सहयोगी घायल हो गए। बेगूसराय और बक्सर में विसिब्लिटी शून्य तक पहुंच गई।

हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड और बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों में आज बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शनिवार को राज्य के पांच शहरों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 12 स्थानों पर 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है। इन इलाकों में कई नदियां, नाले और झरने पहले ही जम चुके हैं। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी की संभावना है। शनिवार को कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About Author

Photo of author
मैं एक लेखक जो अपनी कलम से विचारों को साकार करता है। मुझे लगता है कि शब्दों में वो जादू है जो समाज को बदल सकता है, और यही मेरा मकसद है - सही बात को सही ढंग से लोगों तक पहुँचाना। मेरे लिए हर कहानी, हर विचार एक मौका है दुनिया को कुछ नया देने का।