धनतेरस पर क्या खरीदें और क्या दान करे?

Published On -

दीपावली का पर्व पांच दिनों का पर्व है। धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन और भाई दूज पंच दिवसीय पर्व है और इसका आरंभ होता है धनतेरस पर। 

धनतेरस या धन त्रयोदशी, कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को मनाया जाता है। माना जाता है कि इसी दिन समुद्र मंथन के दौरान अमृत का कलश लेकर धनवंतरी प्रकट हुए थे। 

धनवंतरी कौन है?

धनवंतरी देवताओं के वैद्य देवताओं के डॉक्टर माने जाते हैं। स्वास्थ्य की रक्षा के लिए अच्छी सेहत के लिए लंबी उम्र के लिए इस दिन धनवंतरी देवता की उपासना की जाती है। 

कुबेर का दिन भी है धनतेरस

धनतेरस को कुबेर का दिन भी माना जाता है। लक्ष्मी जी के सचिव माने जाते हैं कुबेर। तो धनतेरस का दिन कुबेर का दिन भी माना जाता है और धन संपन्नता के लिए धनतेरस पर वास्तव में कुबेर देवता की पूजा की जाती है। धनतेरस पर लोग मूल्यवान धातुओं का नए बर्तनों का आभूषणों का क्रय करते हैं। नए बर्तन खरीदते हैं। आभूषण खरीदते हैं। मूल्यवान धातुएं खरीदते हैं। और उन्हीं बर्तनों से उन्हीं मूर्तियों से दीपावली की मुख्य पूजा की जाती है। तो वास्तव में दीपावली का जो पंच दिवसीय पर्व है यह धनतेरस पर शुरू होता है और इस बार यह पर्व शुरू हो रहा है 18 अक्टूबर से। 

धनतेरस का पर्व एक बड़ा पर्व है। सारी सफाई के कार्यक्रम धनतेरस के पहले निपटा लेना चाहिए। धनतेरस के दिन तक सफाई जारी मत रखिएगा। धनतेरस के दिन ज्यादातर लोग केवल कुबेर की पूजा करते हैं। तो केवल कुबेर देव की पूजा ना करें। धनवंतरी देवता की उपासना भी जरूर करिएगा। 

मेटल यानि धातु क्या खरीदे?

अगर आपको इस दिन मेटल खरीदना है, धातु खरीदनी है तो सोना, पीतल, चांदी या स्टील खरीदना चाहिए। दीपावली की मुख्य पूजा के लिए श्री गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री भी धनतेरस के दिन खरीदना चाहिए। धनतेरस के दिन जहां तक संभव हो लोहा खरीदने से बचना चाहिए। बहुत सारे लोग धनतेरस पर गाड़ी ले आते हैं। आप खरीदिए ले आइए कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन पहले आप उसे हनुमान जी के मंदिर ले जाइएगा। वहां पूजा करवा के तब घर में ले आइएगा। क्योंकि धनतेरस पर सामान्यतः लोहा और लोहे की चीज खरीदी नहीं जाती है। 

धनतेरस पर क्या दान करे?

इस दिन थोड़ा बहुत दान भी आपको जरूर करना चाहिए । यानी धनतेरस पर केवल अपना घर मत भरिए। दूसरों का घर भरने में, दूसरों को पर्व मनाने में सहायता करिए। तो धनतेरस पर आप बर्तन दान कर दें, आप कपड़े दान कर दें, पैसा दे दें, मिठाई दे दें। अगर आप धनतेरस पर निर्धनों को दान करते हैं तो धन की विशेष कृपा आपको मिलेगी और सबसे बेहतर वर्ष भर आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा। 

धनतेरस के दिन क्या खरीदना चाहिए?

धातु का बर्तन किसी भी मेटल का बर्तन आप जरूर खरीदिए। सोने का, चांदी का, पीतल का, स्टील का अगर पानी का बर्तन हो, लोटा हो, जग हो, गिलास हो तो ज्यादा अच्छा होगा।

गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां जिनकी पूजा आप दीपावली पर करेंगे। मिट्टी की मूर्तियां यह दो खरीदिएगा और दोनों अलग-अलग होनी चाहिए। दोनों जुड़ी हुई ना हो। खील बताशे और मिट्टी के दीपक खरीदिए। एक बड़ा सा मिट्टी का दीपक भी जरूर खरीदिएगा। जो मुख्य दीपक होगा दीपावली की पूरी रात को माता लक्ष्मी के सामने जलता रहेगा। धनतेरस पर आपको पानी का बर्तन जरूर खरीदना चाहिए जिसमें पानी लिया जा सके। कटोरी है, गिलास है, जग है, लोटा है। क्योंकि धनवंतरी का स्वरूप कैसा है? वो अपने हाथ में अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए हैं। यानी कलश में अमृत था। पात्र जो लिक्विड होल्ड करे ऐसा पात्र है वह। इसलिए आप कोशिश यही करिए कि छोटा ही सही लेकिन पानी का कोई पात्र जरूर खरीदा जाए।

About Author

Photo of author
मैंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से जनसंचार एवं पत्रकारिता में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। मैं पत्रकारिता में आने वाले समय में अच्छे प्रदर्शन और कार्य अनुभव की आशा कर रही हूं। मैंने अपने जीवन में काम करते हुए देश के निचले स्तर को गहराई से जाना है। जिसके चलते मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार बनने की इच्छा रखती हूं।