आंध्र प्रदेश के कुर्नूल ज़िले के चिन्नेतेकुर के पास शुक्रवार तड़के हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस में आग लग गई। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सुबह लगभग 3:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुआ। हादसा एक बाइक बस से टकरा जाने की वजह से हुआ। टक्कर इतनी तेज़ थी कि बाइक के टकराने से बस का फ्यूल टैंक फट गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इनमें से 19 यात्रियों ने किसी तरह खिड़कियाँ तोड़कर या इमरजेंसी एग्जिट से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इनमें से भी कई लोगों को गंभीर रूप से जल गए, घायलों को इलाज के लिए कुर्नूल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 12 मौतों की पुष्टि हुई है, लेकिन कुछ अन्य मीडिया रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 25 तक बताई गई है। पुलिस के अनुसार, कई शव इतनी बुरी तरह जल चुके थे कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।
हादसे की तस्वीरें…


10 दिन पहले राजस्थान में भी 20 यात्री जिंदा जले थे
इसी तरह का एक हादसा राजस्थान के जैसलमेर ज़िले में 14 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर हुआ था। राजस्थान में भी एक चलती हुई ए.सी. स्लीपर बस में आग लग गई थी। उस हादसे में 20 यात्री जिंदा जल गए थे और उनकी मौत हो गई थी।
शॉर्ट सर्किट और फँसा दरवाज़ा बने हादसे की वजह
कुर्नूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने पीटीआई को बताया कि बस में सवार 23 लोग — जिनमें 19 यात्री, दो बच्चे और दो ड्राइवर शामिल थे, सुरक्षित बाहर निकल आए। फ़िलहाल बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगते ही बाहर निकलने का दरवाज़ा जाम हो गया, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
पुलिस ने बताया कि बस में ज़्यादातर यात्री 25 से 35 वर्ष की आयु के थे।


