Mumbai Rains: भारी बारिश से मुंबई बेहाल, दक्षिण कोंकण में येलो और ठाणे, पालघर में ऑरेंज अलर्ट

Published On -

मुंबई: मुंबई और इसके आस-पास के जिलों में एक बार फिर से तेज़ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें दिनभर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मुंबई में आज सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है और नगर निकाय को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल निचले इलाकों में जलभराव की कोई बड़ी खबर नहीं है, लेकिन अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो शहर में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है।

सायन, किंग्स सर्कल, हिंदमाता, कुर्ला, अंधेरी सबवे, दहिसर और मालाड के अंडरपास जैसे संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन ने लगातार नजर बनाई रखी है। आज दिन में हाई टाइड आने की संभावना को भी देखते हुए BMC (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने नागरिकों को आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और अपने घर से बाहर निकलने की योजना भी सोच-समझकर बनाने की सलाह दी है।

मुंबई के अलावा, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नासिक के घाट क्षेत्रों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर मध्य महाराष्ट्र, जिसमें मराठवाड़ा के कुछ हिस्से भी शामिल हैं, वहां भी मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि विदर्भ क्षेत्र में मौसम विभाग की और से बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब है कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कोंकण तट और उससे लगे घाट क्षेत्रों के लिए अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जो पूरे महाराष्ट्र में मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने का संकेत देता है। IMD के ताज़ा अनुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे तटीय जिलों में आज और कल मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही, पुणे, सतारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी IMD ने रेड अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और घर के अंदर रहने की अपील की है।

गरज-चमक के साथ तेज़ हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के चलने की भी चेतावनी दी है। नागरिको से पेड़ों, पुरानी इमारतों और खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

अगले 24 से 48 घंटों में बारिश की तीव्रता चरम पर होने की आशंका के चलते, राज्य प्रशासन ने जिला स्तर के अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार के निर्देश दिए है। इसके साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे मौसम संबंधी सलाह का पालन करें, तेज़ बारिश के दौरान बाहर ना निकलें, और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों से संपर्क करें।

जैसे-जैसे मानसून महाराष्ट्र में फिर से सक्रिय हो रहा है, उसे देखते हुए अगले कुछ दिन महाराष्ट्र के लिए बेहद अहम होंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

About Author

Photo of author
वर्ष 2007 में जबलपुर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्‍ट ग्रैजुएट डिप्‍लोमा किया है। अध्‍ययन के बाद मैंने जबलपुर में एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थान में लम्बे समय तक कार्य किया। वर्तमान में मैं न्यूज़ मध्य प्रदेश डिजिटल की इंदौर कार्यालय में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।